Friday, July 4, 2008

जानबूझकर हारा श्रीलंका?

कराची :

कराची में भारत की श्रीलंका पर छह विकेट से जीत पाकिस्तान में कई लोगों के गले नहीं उतर रही है। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर वकार यूनुस और रमीज़ रजा ने श्रीलंका की हार पर सवाल उठाएं हैं।

पाकिस्तानी के इन पूर्व क्रिकेटरों ने ऐसे अहम मैच में श्रीलंकाई खिलाड़ियों के रवैये को कटघरे में खड़ा कर दिया है। भारत के लिए यह करो या मरो का मुकाबला था , जबकि श्रीलंका की जीत से रविवार के फाइनल में पाकिस्तान की राह आसान हो सकती थी।

श्रीलंका ने इस मैच में अपने दो कामयाब बोलर चमिंडा वास और अजंता मेंडेस को आराम दिया और उनकी जगह दूसरे दर्जे के खिलाड़ियों को जगह दी। श्रीलंका की बोलिंग में पैनापन न होने की वजह से धोनी ऐंड कंपनी की राह काफी आसान हो गई और उन्होंने श्रीलंका के बड़े स्कोर का आसानी से पीछा किया।

श्रीलंका की यह हार कई लोगों से नहीं पच रही है। मैच की कॉमेंट्री के दौरान रमीज़ राजा ने कहा , ' हमें श्रीलंका की तरफ से मजबूत इरादे देखने को नहीं मिले। कई बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत मिली , लेकिन किसी ने भी बड़ी इनिंग नहीं खेली। खासकर , सनत जयसूर्या , तो क्रीज पर उदासीन नजर आ रहे थे और जब वह बड़े स्कोर की तरफ जाते दिख रहे थे , उन्होंने अपना विकेट गंवा दिया।'

रमीज़ ने कहा , ' श्रीलंका के पास फाइनल में खेलने लायक टीम चुनने का मौका था , लेकिन आप स्कोरकार्ड देखें - जयसूर्या , महेला , कपुगेदेरा और सिल्वा ने बढ़िया शुरुआत की लेकिन कोई देर तक नहीं टिका। ' पाकिस्तान के पूर्व फास्ट बोलर वकार यूनुस ने कहा , ' मैंने महेला जयवर्धने को मैंच के दौरान प्रोऐक्टिव नहीं देखा। जिस तरह बोलर्स से काम लेना चाहिए , वह वैसा करते नहीं नजर आए। '

पाकिस्तानी कैंप से उठी इन बातों को महेला जयवर्धने के उस बयान ने और हवा दी जो उन्होंने मैच के बाद दिया। जयवर्धने ने कहा , ' मेरे ख्याल से अपने मैदान पर अपने समर्थकों के बीच खेलते हुए पाकिस्तान की टीम काफी खतरनाक साबित हो सकती है। अब कम से कम भारत और श्रीलंका को क्राउड सपोर्ट के बारे में तो नहीं सोचना है। ' हालांकि , जयवर्धने ने इस बात से इनकार किया कि उन्होंने फाइनल में अपना प्रतिद्वंद्वी चुनने की कोशिश की। जयवर्धने ने कहा कि , ' हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि फाइनल में मुकाबला भारत से है या पाकिस्तान से। हम सिर्फ अपना खेल खेलते हैं। '

No comments: